एनआरसी से मिली नई उम्मीद: 14 दिन के इलाज से कुपोषण मुक्त हुई 23 माह की माही
देवास : टोंकखुर्द के ग्राम बुदासा से स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों की एक बेहद सुखद तस्वीर सामने आई है। ग्राम बुदासा की आंगनवाड़ी क्रमांक 2 की 23 माह की मासूम बच्ची माही को पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में 14 दिन के विशेष इलाज और देखभाल के बाद कुपोषण से पूरी तरह मुक्ति मिल गई है।
टीम के समझाने पर माता-पिता हुए तैयार
दरअसल, माही का हीमोग्लोबिन स्तर महज 9.5 ग्राम था, और उम्र के हिसाब से उसका वजन व लंबाई भी काफी कम पाई गई थी। इसे देखते हुए महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता संगीता कुशवाह, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता आवले और आशा कार्यकर्ता रानू चौहान ने बच्ची के माता-पिता को गंभीर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने समझाया कि माही को तत्काल एनआरसी टोंकखुर्द में भर्ती कर उपचार दिलाने की सख्त जरूरत है। टीम की समझाइश रंग लाई और माता-पिता ने बच्ची को केंद्र में भर्ती कराया।
14 दिन में वजन में हुई 15% की बढ़ोतरी
मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. माया कल्याणी के कुशल मार्गदर्शन में माही का नियमित चिकित्सीय उपचार और चेकअप शुरू किया गया।
नियमित जांच: भर्ती के दौरान डॉ. प्रतीक तिवारी द्वारा बच्ची की लगातार जांच और जरूरी इलाज किया गया।
विशेष आहार: एनआरसी स्टाफ की देखरेख में माही को पोषण आहार के रूप में F-100 (डाल्यूटेड) आहार दिया गया।
परामर्श: खंड विस्तार प्रशिक्षक गोवर्धन सिंह पारसनिया एवं पोषण प्रशिक्षक सरिता रघुवंशी द्वारा बच्ची की मां को पोषण आहार, स्वच्छता, स्तनपान और टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से परामर्श दिया गया।
समस्त एनआरसी स्टाफ की बेहतरीन देखभाल के फलस्वरूप माही के स्वास्थ्य में चमत्कारी सुधार हुआ और महज 14 दिन के भीतर ही उसके वजन में 15 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की गई।
मां को मिला मजदूरी क्षतिपूर्ति भत्ता
सरकार की इस जनहितैषी योजना के तहत माही की मां को अस्पताल में रहने के दौरान हुए काम के नुकसान की भरपाई के लिए 120 रुपये प्रति दिवस की दर से 14 दिनों का कुल 1,680 रुपये का मजदूरी क्षतिपूर्ति भत्ता भी प्रदान किया गया।
परिजनों ने जताया आभार:
अपनी लाडली को पूरी तरह स्वस्थ देखकर माही के माता-पिता के चेहरे खिल उठे हैं। उन्होंने बच्ची को नया जीवन देने के लिए मुख्यमंत्री और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टोंकखुर्द के समस्त स्टाफ के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है।
रिपोर्टर : साजिद पठान
No Previous Comments found.