कलेक्टर की टीएल बैठक में कड़े निर्देश; लापरवाही पर सोनकच्छ तहसीलदार को शोकॉज, कन्नौद सीएमओ का वेतन काटने के आदेश

​देवास :  कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों (TL) के निराकरण और अंतरविभागीय समन्वय की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला स्तर के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, जबकि विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।

​बैठक में कलेक्टर ने वर्षाकाल में सुरक्षा, गोवंश प्रबंधन, सीएम हेल्पलाइन और राजस्व मामलों को लेकर बेहद कड़ा रुख अपनाया और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
​मुख्य मार्ग पर न दिखे गोवंश, लापरवाही पर तहसीलदार को नोटिस
​कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने वर्षाकाल को देखते हुए मुख्य मार्गों पर गोवंश प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में किसी भी मुख्य मार्ग पर गोवंश नहीं बैठना चाहिए, इसके लिए संबंधित अधिकारी तत्काल समुचित प्रबंध करें।
​इसके साथ ही, नालों में बाढ़ की स्थिति के दौरान रपटों और पुलियाओं पर बैरिकेड्स लगाने के निर्देशों की अवहेलना पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताई। सोनकच्छ क्षेत्र में बैरिकेटिंग कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने तहसीलदार सोनकच्छ को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
​बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर सीएमओ का कटेगा वेतन
​कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि वर्षाकाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टीएल बैठक में बिना किसी पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) कन्नौद, अनिल जोशी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर उन्हें भी शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
​सीएम हेल्पलाइन में 'ए-ग्रेड' अनिवार्य, चलेगा विशेष अभियान
​सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और टीएल के लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा:
​नागरिकों की समस्याओं का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निराकरण होना चाहिए।
​सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग में सभी विभाग अनिवार्य रूप से 'ए-ग्रेड' में रहें।
​अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता से फोन पर बात करें और समस्या के मूल कारण को समझकर उसका निराकरण करें।
​जिले में 50 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
​लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत यदि कोई भी प्रकरण बिना किसी ठोस कारण के समय-सीमा से बाहर हुआ, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही होगी।
​राजस्व मामलों में देरी पर जताई नाराजगी
​अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के लंबित मामलों की क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आरसीएमएस (RCMS) पोर्टल की स्थिति देखी। अविवादित प्रकरणों के लंबे समय तक लंबित रहने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में राजस्व अमले की नियमित बैठकें लें और प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
​'माय भारत' कार्यक्रम को लेकर जिला सलाहकार समिति की बैठक
​टीएल बैठक के दौरान ही कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में 'माय भारत' कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई और बताया गया कि इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं के लिए विविध गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
​बैठक में ये रहे उपस्थित:
नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियल यादव, एसीईओ जिला पंचायत एस.एस. सिंह सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण।

रिपोर्टर :  साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.