जल संसाधन विभाग की त्वरित कार्रवाई: सिरोंज बैराज की विंगवॉल का सुधार कार्य पूर्ण, ठेकेदार को नहीं मिलेगा कोई अतिरिक्त भुगतान

​देवास :  शिप्रा नदी पर हाटपीपल्या विधानसभा के ग्राम होशियारी और मकोडिया के बीच निर्माणाधीन सिरोंज बैराज कम काजवे को लेकर जल संसाधन विभाग ने तत्परता दिखाई है। पिछले दिनों अत्यधिक बारिश के कारण बैराज की विंगवॉल के पास हुए मिट्टी के कटाव और बैकफिलिंग मटेरियल बहने की समस्या को ठेकेदार द्वारा पूरी तरह ठीक कर दिया गया है। विभाग ने साफ किया है कि इस सुधार कार्य के लिए निर्माण एजेंसी को कोई भी अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाएगा। ​मंत्री के निर्देश पर दो दिन में हुआ सुधार बीती 9 जुलाई 2026 को तेज बहाव के कारण बैराज के कैचमेंट एरिया में मिट्टी का भारी कटाव हुआ था, जिससे विंगवॉल के अंदर का बैकफिलिंग मटेरियल बह गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंत्री के सख्त रुख के बाद, कार्यपालन यंत्री (जल संसाधन संभाग देवास) एस.एस. जादौन के मार्गदर्शन में 10 जुलाई से ही सुधार कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया और महज दो दिनों के भीतर (12 जुलाई 2026 तक) बह चुके मटेरियल को दोबारा भर दिया गया।

​अनुबंधित राशि में ही पूरा होगा शेष कार्य
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस बैराज कम काजवे का निर्माण ₹2.18 करोड़ के अनुबंध के तहत निर्माण एजेंसी मेसर्स कटारे एन्ड कंपनी (जे.व्ही.) ग्वालियर द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में आई क्षति को ठीक करने की पूरी लागत ठेकेदार द्वारा ही वहन की गई है।
​मुख्य बिंदु:
​कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं: अत्यधिक वर्षा से हुई क्षति को ठीक करने के लिए ठेकेदार को विभाग की ओर से कोई अतिरिक्त राशि नहीं दी जाएगी।
​मूल बजट में ही काम: अनुबंध की शर्तों के अनुसार, वर्षा के बाद बचा हुआ शेष कार्य भी ठेकेदार को अनुबंधित राशि (₹2.18 करोड़) के भीतर ही पूर्ण करना होगा।
​अतिरिक्त सुरक्षा उपाय: भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए कटाव वाले स्थान पर एक अतिरिक्त प्रोटेक्शन वॉल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण भी कराया जा रहा है।
​गौरतलब है कि उक्त कंपनी द्वारा बारिश से पहले परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया था। शेष 10 प्रतिशत कार्य को बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद अनुबंध के दायरे में ही पूरा किया जाएगा। जल संसाधन मंत्री ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा तथा जांच में लापरवाही मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।


रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.