अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का शिकंजा: देवास के रुद्र ढाबे से 71.5 बल्क लीटर मदिरा जप्त

​देवास : जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त देवास (अ) की टीम ने ग्राम खटाम्बा स्थित रुद्र ढाबे पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध देशी व विदेशी शराब जब्त की।

​मुखबिर की सूचना पर दबिश
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खटाम्बा स्थित रुद्र ढाबे पर अवैध रूप से शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारा। आबकारी टीम को दूर से आता देख ढाबा संचालक अजय सिंह राजपूत मौके से फरार हो गया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में ढाबे की विधिवत तलाशी ली गई।
​जप्त सामग्री और कुल मूल्य
तलाशी के दौरान ढाबे से निम्नलिखित अवैध मदिरा बरामद की गई:
​देशी मदिरा प्लेन: 200 पाव
​बियर: 37 कैन
​विदेशी मदिरा: 17 बोतल एवं 24 पाव
​कुल मात्रा: 71.5 बल्क लीटर
​आकलित मूल्य: लगभग ₹36,000
​आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
ढाबा संचालक अजय सिंह राजपूत द्वारा अवैध रूप से मदिरा का संग्रहण पाए जाने पर उसके विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आबकारी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अजय सिंह अवैध शराब के कारोबार का आदी है और उसके खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
​कार्रवाई में शामिल टीम
बुधवार की इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, दीपक धुरिया, अरविंद सोलंकी सहित आबकारी आरक्षक निहाल खत्री, निकिता परमार, सविता एवं सैनिक अनिल चौहान मुख्य रूप से शामिल रहे। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.