नेमावर में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देवास : नेमावर पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देशों के तहत नेमावर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देर रात पानी में डूबे लोहे के पाइप चोरी करने का प्रयास कर रहे दो बदमाशों को रंगे हाथ धर दबोचा। पुलिस की मुस्तैदी से करीब 50,000 रुपये मूल्य के 57 लोहे के पाइप सुरक्षित बरामद कर लिए गए हैं।
हादसे के बाद शेष रह गए थे पाइप
जानकारी के अनुसार, बुधवार को रेस्ट हाउस चौराहा स्थित पुलिया के पास लोहे के पाइपों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में ट्रॉली में रखे पाइप पानी में जा गिरे। पाइप मालिक ने अधिकांश पाइप बाहर निकलवा लिए थे, लेकिन 57 पाइप पानी में ही शेष रह गए थे।
मालिक की गैरमौजूदगी का फायदा उठाने की कोशिश
पाइप मालिक सुरक्षा के लिए मौके पर तैनात था, लेकिन जैसे ही वह कुछ देर के लिए वहां से हटा, मौके का फायदा उठाकर दो बदमाशों ने पानी में डूबे पाइपों को निकालकर चोरी करने का प्रयास शुरू कर दिया।
रात 2 बजे पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रात्रि गश्त के दौरान करीब 02:00 बजे थाना नेमावर पुलिस को पाइप चोरी के प्रयास की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
अर्जुन पिता सज्जन सिंह कर्मा (उम्र 24 साल), निवासी रेतनाका, नेमावर
शेरसिंह पिता गेंदालाल (उम्र 23 साल), निवासी रेतनाका, नेमावर
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। देवास पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और अपराधों पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी नेमावर निरीक्षक टीना शुक्ला, सैनिक भूपेंद्र सैनिक नारायण यादव, सैनिक रामबिलास गुर्जर एवं चालक मनोज प्रजापति की प्रमुख भूमिका रही।
रिपोर्टर : साजिद पठान
No Previous Comments found.