देवास में बच्चों की सुरक्षा के लिए नई पहल स्कूल बस सुरक्षा ऐप' पर दर्ज होगा बसों और चालकों का पूरा विवरण

​देवास - जिले में संचालित होने वाली समस्त स्कूल बसों, उनके चालकों और परिचालकों की त्वरित जानकारी शासन स्तर पर उपलब्ध कराने तथा सर्वोच्च न्यायालय के सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा "स्कूल बस सुरक्षा ऐप" तैयार किया गया है।

​इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर गुरुवार को कलेक्टर सभाकक्ष में स्कूल बस संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
​बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी  नवनीत कुमार धुर्वे, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती बरखा शुक्ला, यातायात थाना प्रभारी पवन बागड़ी तथा जिला शिक्षा अधिकारी  सूर्यवंशी विशेष रूप से मौजूद रहे।
​ऐप पर दर्ज होंगी ये जानकारियां

बैठक में उपस्थित समस्त स्कूल बस संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने शैक्षणिक संस्थानों की बसों का पूर्ण विवरण इस ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं: ​वाहनों का ब्योरा: पंजीयन क्रमांक, बीमा, फिटनेस प्रमाणपत्र, पीयूसी  और परमिट। ​चालक-परिचालक की जानकारी: नाम, पता, ड्राइविंग लाइसेंस क्रमांक और लाइसेंस की वैधता।
​ऑनलाइन पुलिस वेरिफिकेशन: चालकों का ब्योरा दर्ज होने के बाद संबंधित पुलिस थाने द्वारा उनका ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा।

​ऑटो-रिक्शा और मैजिक वाहनों का भी रखना होगा हिसाब अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जो वाहन सीधे स्कूल के नाम पर पंजीकृत नहीं हैं, लेकिन विद्यार्थियों को लाने-ले जाने का काम करते हैं (जैसे ऑटो-रिक्शा, मैजिक वाहन आदि), उनकी प्रविष्टि भी "स्कूल बस सुरक्षा ऐप" पर करना अनिवार्य होगा। सभी शैक्षणिक संस्थानों को इसके लिए यूजर आईडी और पासवर्ड प्रदान कर दिए गए हैं, ताकि वे समय पर जानकारी अपडेट कर सकें और जिले में स्कूली वाहनों की पारदर्शी मॉनिटरिंग की जा सके।

रिपोर्टर :- साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.