सेवा, संकल्प और तकनीक का अद्भुत संगम: देवास में आज 25 हजार दीपों और भव्य ड्रोन शो से होगी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत

​देवास। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज़ आज देवास जिले से हो रहा है। इस राज्यस्तरीय उत्सव के शुभारंभ अवसर पर मध्यप्रदेश के उप-मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में जनभागीदारी से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जन-जन को सेवा और संकल्प के सूत्र में पिरोने का काम करेगा।

​25 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाएगा पुलिस परेड ग्राउंड

अभियान की शुरुआत शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के साथ होगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों की सहभागिता से पुलिस परेड ग्राउंड में एक साथ 25 हजार से अधिक मिट्टी के दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपों की यह अलौकिक माला पूरे मैदान को न केवल रौशन करेगी, बल्कि सामाजिक समरसता और जनसेवा का संदेश भी प्रसारित करेगी।

आसमान में उकेरी जाएगी ‘विकसित भारत@2047’ की तस्वीर

दीपोत्सव के तुरंत बाद रात 8 से 8:30 बजे तक आकाश में अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित एक भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। 30 मिनट के इस शो में सैकड़ों आधुनिक ड्रोन मिलकर आसमान में 20 से अधिक विहंगम और कलात्मक आकृतियां बनाएंगे। ​इस ड्रोन शो के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘सेवा, सुशासन और विकसित भारत@2047’ के संकल्प को तकनीक की रोशनी के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। शो में मुख्य रूप से:
​राष्ट्रीय योजनाएं व अभियान: ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘डिजिटल इंडिया’, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति, ‘स्वच्छ भारत’ और पर्यावरण संरक्षण।

तकनीकी नवाचार: कृषि क्षेत्र में आ रहे आधुनिक तकनीकी बदलाव और भारत की ऐतिहासिक विकास यात्रा।
​स्थानीय गौरव: राष्ट्रीय उपलब्धियों के साथ-साथ मध्यप्रदेश और देवास जिले की ऐतिहासिक सफलताओं और विकास यात्रा की विशेष झलकियां।

नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह

देवास शहर के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रहे इस हाई-टेक विजुअल ड्रोन शो को लेकर स्थानीय निवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शाम को होने वाले इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने के लिए शहरभर से हजारों नागरिकों के जुटने की संभावना है।


रिपोर्टर :- साजिद पठान

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.