पीएम आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा: जिला पंचायत सीईओ धुर्वे ने अनुपस्थित सेक्टर प्रभारी पर कार्रवाई के दिए निर्देश।

​देवास : मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जिला पंचायत देवास नवीत कुमार धुर्वे की अध्यक्षता में सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में जिला आवास प्रभारी, समस्त जनपद पंचायतों के ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर तथा सेक्टर प्रभारी उपस्थित रहे।

​बैठक के दौरान सीईओ श्री धुर्वे ने आवास निर्माण कार्यों की जनपद एवं सेक्टरवार प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत स्वीकृत समस्त आवासों को चालू अक्टूबर माह के अंत तक न्यूनतम 85 प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के स्वीकृत आवासों को समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के लिए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए।
​उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति दिखनी चाहिए और निर्माण कार्यों की गति में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
​अनुपस्थित सेक्टर प्रभारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई
​समीक्षा के दौरान जनपद पंचायत खातेगांव के अंतर्गत समीक्षा बैठक से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे सेक्टर प्रभारी के रवैये को घोर अनुशासनहीनता माना गया। सीईओ श्री धुर्वे ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
​मॉनिटरिंग और गुणवत्ता पर विशेष जोर
​मुख्य कार्यपालन अधिकारी धुर्वे ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आवास निर्माण कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग (सतत निगरानी) सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि हितग्राहियों को समय पर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य की पूर्ति हर हाल में सुनिश्चित हो सके।

रिपोर्टर - साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.