पीपलरावाँ में जियो का टावर 5 घंटे ठप: दीपावली की खरीदारी के बीच व्यापारी और जनता बेहाल!

​पीपलरावाँ : त्योहारों के इस सीजन में जहाँ बाजारों में ग्राहकों की भारी रौनक छाई हुई है, वहीं जियो (Jio) की लचर नेटवर्क सेवा ने व्यापारियों और आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। बुधवार को पीपलरावाँ में जियो का टावर अचानक लगातार 5 घंटे तक पूरी तरह बंद रहा, जिससे पूरा इलाका अचानक डिजिटल ब्लैकआउट की चपेट में आ गया। ​ऑनलाइन पेमेंट अटका, स्कैन और OTP के लिए तरसे लोग दीपावली के चलते बाजारों में खरीदारी चरम पर है। व्यापारी सामान का नया स्टॉक मंगवाने और दिनभर के लेन-देन के लिए मुख्य रूप से ऑनलाइन माध्यमों (UPI, PhonePe, Google Pay और Net Banking) पर निर्भर हैं। अचानक टावर बंद हो जाने के कारण न तो किसी को बैंक व पेमेंट से जुड़े OTP मिल पाए और न ही QR कोड स्कैन करके पैसे ट्रांसफर हो सके।

​व्यापारियों का फूटा गुस्सा, बिना खरीदारी लौटे ग्राहक
स्थानीय दुकानदारों का गुस्सा कंपनी की इस लापरवाही पर फूट पड़ा है। दुकानदारों का कहना है कि त्योहार के पिक टाइम में नेटवर्क गायब हो जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। "बाजार में ग्राहकों की भीड़ है, लेकिन न तो किसी का कॉल लग रहा है और न ही ऑनलाइन पेमेंट हो पा रहा है। सर्वर और नेटवर्क न होने से कई ग्राहक बिना सामान लिए ही दुकानों से वापस लौटने को मजबूर हैं।"
​अधिकारी बेपरवाह, मैनेजर ने नहीं उठाया फोन
नेटवर्क ठप होने और ब्लैकआउट की समस्या को लेकर जब जियो के सेंटर मैनेजर गजेंद्र सिंह हाड़ा से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव करना भी मुनासिब नहीं समझा। जिम्मेदार अधिकारियों के इस रवैये से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में कंपनी की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
​क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि त्योहार के सीजन में नेटवर्क की व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे कंपनी के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे।

रिपोर्टर - साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.