पीपलरावाँ बस स्टैंड पर उखड़ी सीसी रोड की गुणवत्ताहीन मरम्मत, बिना गिट्टी के डाली जा रही है महज एक इंची परत
पीपलरावाँ : नगर के व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र में उखड़ी हुई सीसी (सीमेंट कंक्रीट) रोड के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है। सड़क की मजबूती के लिए आवश्यक बड़ी गिट्टी का उपयोग करने के बजाय, ठेकेदार द्वारा केवल बालू रेत और बारीक चूरी का मिश्रण बिछाकर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इस घटिया निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय नागरिकों और यात्रियों में रोष व्याप्त है।
मजबूती पर उठ रहे सवाल
बस स्टैंड पर पूर्व में बनी सीसी रोड पूरी तरह से उखड़ गई थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस सड़क की मरम्मत के नाम पर बिना गिट्टी के महज एक इंच मोटी परत बिछाई जा रही है। जानकारों के अनुसार, भारी वाहनों की आवाजाही वाले बस स्टैंड क्षेत्र में बिना गिट्टी और पर्याप्त मोटाई के किया गया यह पैचवर्क कुछ ही दिनों में फिर से उखड़ जाएगा, जिससे शासकीय राशि और संसाधनों की बर्बादी तय है।
सीएमओ का अजीबोगरीब तर्क
इस मामले में जब नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मनोहर सिंह जावरिया से बात की गई, तो उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता सुधारने के बजाय एक अजीबोगरीब तर्क दिया। सीएमओ का कहना है कि "पूर्व में जो रोड बना था, उसका भुगतान (पेमेंट) नहीं निकला था, उसी के एवज में यह रिपेयरिंग कार्य करवाया जा रहा है।"
अब सवाल यह उठता है कि यदि पुराने कार्य का भुगतान रुका हुआ था, तो क्या उसके बदले जनता को घटिया और कमजोर सड़क दी जाएगी? फिलहाल, जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते बस स्टैंड पर नाममात्र की मरम्मत का कार्य जारी है।
रिपोर्टर - साजिद पठान

No Previous Comments found.