देव दीपावली पर जाना है काशी? 2 दिन में ऐसे बनाएं अपना ट्रैवल प्लान, यादगार बन जाएगी ट्रिप
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली काशी के सबसे भव्य त्योहारों में से एक है। इस दिन वाराणसी के गंगा घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठते हैं। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक बनारस पहुंचते हैं। इस साल 24 नवंबर को देव दीपावली मनाई जाएगी। ऐसे में अगर आप भी इस खास मौके पर काशी घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अपनी यात्रा की तैयारी पहले से कर लें।देव दीपावली के दौरान वाराणसी में जबरदस्त भीड़ रहती है। होटल से लेकर नाव की बुकिंग तक मिलना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में सही प्लानिंग आपकी यात्रा को आसान और यादगार बना सकती है। आइए जानते हैं कि देव दीपावली के मौके पर आप दो से तीन दिनों में काशी की खूबसूरती कैसे एक्सप्लोर कर सकते हैं।
23 नवंबर: काशी पहुंचकर देखें गंगा आरती
देव दीपावली के दिन होने वाली भारी भीड़ और ट्रैफिक प्रतिबंधों से बचने के लिए बेहतर होगा कि आप 23 नवंबर को दोपहर तक वाराणसी पहुंच जाएं। होटल में चेक-इन करने के बाद थोड़ा आराम करें और शाम को अस्सी घाट का रुख करें। यहां डूबते सूरज का खूबसूरत नजारा देखने के साथ गंगा आरती में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद आप बनारस के किसी स्थानीय रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट काशी के व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं।
24 नवंबर: देव दीपावली के रंग में रंग जाएं
देव दीपावली के दिन सुबह जल्दी उठकर गंगा स्नान करें और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचें। सुबह दर्शन करने से भारी भीड़ से कुछ हद तक बचा जा सकता है। इसके बाद होटल लौटकर आराम करें या बनारस के मशहूर स्ट्रीट फूड का स्वाद लें।
शाम को सूर्यास्त से पहले ही गंगा घाट पहुंचने की कोशिश करें। जैसे ही दीपदान शुरू होगा, काशी के घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठेंगे। इस दौरान गंगा आरती और आसमान में होने वाली आतिशबाजी का नजारा बेहद मनमोहक होता है। आप नाव की सवारी करके भी इस अद्भुत दृश्य का आनंद ले सकते हैं। हालांकि, नाव की बुकिंग पहले से जरूर कर लें।
25 नवंबर: सारनाथ की सैर के साथ करें वापसी
तीसरे दिन सुबह आप वाराणसी से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित सारनाथ घूमने जा सकते हैं। यहां का शांत वातावरण आपको शहर की भीड़भाड़ से अलग सुकून का एहसास कराएगा। सारनाथ में धमेख स्तूप, चौखंडी स्तूप और पुरातात्विक संग्रहालय देख सकते हैं। यहां घूमने के बाद आप अपनी वापसी की तैयारी कर सकते हैं।
देव दीपावली पर काशी जाने से पहले ध्यान रखें ये बातें
होटल और नाव की एडवांस बुकिंग: देव दीपावली के दौरान वाराणसी में पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में होटल और नाव की बुकिंग पहले से कर लें। घाटों से थोड़ी दूर होटल लेने पर आपको कम कीमत में ठहरने का विकल्प मिल सकता है।
पैदल चलने के लिए रहें तैयार: त्योहार के दौरान कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध लागू हो सकते हैं। ऐसे में आपको काफी पैदल चलना पड़ सकता है। इसलिए आरामदायक जूते पहनकर ही बाहर निकलें।
गर्म कपड़े साथ रखें: नवंबर के आखिरी दिनों में शाम और रात के समय ठंड बढ़ सकती है। इसलिए अपने बैग में जैकेट, स्वेटर या गर्म कपड़े जरूर रखें।
समय से पहुंचें: गंगा घाटों पर अच्छी जगह पाने और भीड़ से बचने के लिए शाम होने से पहले ही पहुंच जाएं। स्थानीय प्रशासन की ट्रैफिक और सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी का भी पालन करें।
अगर आप काशी की देव दीपावली को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो यह ट्रैवल प्लान आपकी यात्रा को यादगार बनाने में मदद कर सकता है।

No Previous Comments found.