घनुडीह के दुर्गापुर में कोयला चोरों के दो गुटों में झड़प, फायरिंग

धनबाद : घनुडीह ओपी क्षेत्र के दुर्गापुर कुम्हार बस्ती में सोमवार की रात कोयला चोरी को लेकर दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई ने इलाके में दहशत फैला दी। ग्रामीणों के अनुसार दोनों गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इसी दौरान भागने के क्रम में कोयला लोड करने आए एक ट्रक ने बस्ती निवासी सूरज पंडित का घर तोड़ दिया। घटना में उनकी पत्नी एवं बच्चे बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन, स्थानीय पार्षद तथा भाकपा माले के जिला सचिव बिंदा पासवान से शिकायत की और अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात कोयला चोरों के दो गुट बस्ती के पास पहुंचे थे। एक गुट ऊपर जबकि दूसरा नीचे कोयला लोडिंग की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते नोकझोंक और फिर गोलीबारी में बदल गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए।

इसी बीच एक ट्रक तेजी से वहां से भागा और सूरज पंडित के घर को तोड़ते हुए निकल गया। उस समय पूरा परिवार दूसरे कमरे में सो रहा था, जिससे बड़ी घटना टल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों गुट फरार हो चुके थे। इस संबंध में भाकपा माले के जिला सचिव बिंदा पासवान ने कहा कि कोयला चोरी के कारण कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। प्रशासन को इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए और जिनका घर क्षतिग्रस्त हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगी तो सड़क जाम किया जाएगा। वहीं यूनियन के राजेंद्र पासवान ने कहा कि इस मामले की जानकारी विधायक अरूप चटर्जी को दी जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में बालू गद्दा क्षेत्र में भी इसी तरह ट्रक की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हुई थी। ऐसे में यहां भी कभी बड़ी दुर्घटना हो सकती है, क्योंकि प्रतिदिन अवैध कोयला लदे ट्रक इस रास्ते से गुजरते हैं। इधर, घनुडीह ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने गोलीबारी की घटना से इनकार करते हुए कहा कि उनके पास अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं आई है, फिर भी मामले की जांच कराई जा रही है।

रिपोर्टर : सिंधु कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.