विजयदशमी पर बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन, हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़
धनबाद : अधर्म पर धर्म की और असत्य पर सत्य की जीत का महापर्व विजयदशमी आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में, धनबाद के बलियापुर हटिया श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में आज बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया।
बलियापुर का यह ऐतिहासिक हटिया मैदान इस समय हजारों की भीड़ से पटा हुआ है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच लोग इस अद्भुत पल का गवाह बनने पहुंचे हैं।
बलियापुर हटिया दुर्गा पूजा मैदान का नजारा वाकई देखने लायक है। चारों तरफ जय श्रीराम के नारे गूंज रहे हैं। बलियापुर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहाँ पहुँचे हैं।
यहाँ सुरक्षा के लिहाज से बलियापुर पुलिस और पूजा कमेटी के वालंटियर्स पूरी तरह मुस्तैद हैं। रावण दहन से ठीक पहले यहाँ शानदार भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन शुरू हुआ, जिसने आसमान को सतरंगी रोशनी से सराबोर कर दिया है।
श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से 72 वर्षों से दुर्गापूजा और 46 वर्षों से रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है। इस बार 45 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया, जिस पर आतिशबाजी समेत करीब 70 हजार रुपये खर्च किए गए हैं।
हटिया दुर्गा पूजा समिति ने बताया कि बलियापुर हटिया का रावण दहन सालों से यहाँ की परंपरा रहा है। हम हर साल सुरक्षा और भव्यता को और बेहतर करने का प्रयास करते हैं। इस बार की भीड़ ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वहीं स्थानीय दर्शनार्थी ने बताया कि"हम हर साल यहाँ रावण दहन देखने आते हैं। इस बार पंडाल की लाइटिंग और रावण का पुतला बहुत ही शानदार बनाया गया है।
रिपोर्टर : सिंधु कुमार

No Previous Comments found.