जुड़वा बहनों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया तिरंगा, BCCL CMD ने किया सम्मानित

धनबाद : अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और कोयलांचल का नाम रोशन करने वाली धनबाद की जुड़वा बहनों मनदीप कौर और राजदीप कौर को बीसीसीएल ने सम्मानित किया. बुधवार को कोयला भवन मुख्यालय में बीसीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दरअसल, उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में 13 से 18 अक्टूबर तक आयोजित WAKO किकबॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 में दोनों बहनों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. प्रतियोगिता के अंडर-18 वर्ग में 60 किलोग्राम भार श्रेणी की तातामी स्पर्धा में मनदीप कौर ने कांस्य पदक जीता, जबकि राजदीप कौर ने इसी भार वर्ग की रिंग स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता से झारखंड और धनबाद का मान बढ़ा है. उनकी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए बीसीसीएल ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रायोजन सहायता भी उपलब्ध कराई थी. सम्मान समारोह के दौरान सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

बीसीसीएल का कहना है कि कंपनी उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि स्थानीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके।

रिपोर्टर : सिंधु कुमार 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.