धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन ने परिसर को कराया खाली, लोगों में दहशत

धनबाद : धनबाद जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार यह धमकी धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार को ईमेल के माध्यम से मिली. सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गई और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सभी अधिवक्ताओं, न्यायिक पदाधिकारियों, कोर्ट कर्मियों और न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों को तत्काल बाहर निकलने का निर्देश दिया. प्रशासन के आदेश का पालन करते हुए सभी लोग कोर्ट परिसर से सुरक्षित बाहर आ गए. इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम ने परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दी. पूरे कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर हर कोने की जांच की जा रही है. वहीं अधिवक्ताओं ने बताया कि प्रशासन की ओर से सूचना दी गई थी कि परिसर के किसी स्थान पर बम प्लांट किए जाने की आशंका है. सुरक्षा को देखते हुए सभी को बाहर निकलने को कहा गया. वकीलों ने कहा कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभा रही है और सुरक्षा सर्वोपरि है. उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में इस तरह की धमकियों की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसे में सतर्कता जरूरी है. मामले को लेकर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि धनबाद कोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है. यह मेल तमिलनाडु के रहने वाले अजीत कुमार के नाम से भेजा गया है. जिसमें कोर्ट परिसर को आरडीएक्स और साइनाइड से उड़ाने की धमकी दी गई है. ईमेल में दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था. जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी ने कहा कि मेल मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया. फिलहाल कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। 

सिटी एसपी ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है और हर बिंदु पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है. ईमेल की सत्यता और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें. सिटी एसपी ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। 

संवाददाता : सिंधु कुमार 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.