दुर्गापूजा की खरीदारी से गुलजार बरही बाजार, बकरा बाजार में ₹30 हजार तक पहुंची कीमत

धनबाद - बरही शारदीय दुर्गापूजा को लेकर बरही बाजार में रौनक चरम पर है। त्योहार की तैयारियों के बीच रविवार को बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कपड़े, आभूषण, श्रृंगार सामग्री, फल-फूल, मिठाई, सब्जी और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। वहीं, बकरा बाजार में भी खरीदारी को लेकर काफी चहल-पहल देखने को मिली। बाजार में खस्सी की कीमत चार हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक बताई गई।

त्योहार को लेकर बरही के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे। सुबह से ही बाजार में भीड़ बढ़ने लगी, जिसका असर मुख्य सड़कों पर भी दिखाई दिया। धनबाद रोड से बरही चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात प्रभावित हुआ। भीड़ और जाम के कारण राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जाम से निपटने के लिए पुलिस अलर्ट

बाजार में बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा। एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव, बरकट्ठा थाना प्रभारी आयुष भगत और गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन सहित पुलिस पदाधिकारियों ने बरही चौक पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान बाजार में आवागमन सुचारु बना रहे।

भारी वाहनों के रूट में बदलाव की पहल

बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या को कम करने के लिए धनबाद की ओर से आने वाले बड़े मालवाहक वाहनों को सीधे बरही चौक में प्रवेश कराने के बजाय बायपास मार्ग से भेजने की व्यवस्था की गई। वहीं, पटना रोड की ओर जाने वाले वाहनों को ओवरब्रिज के रास्ते डायवर्ट करने का निर्देश दिया गया, ताकि मुख्य बाजार पर वाहनों का दबाव कम हो सके।

दुर्गापूजा को लेकर बाजार में उमड़ी भीड़ ने जहां त्योहार की खुशियां और रौनक बढ़ा दी है, वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस और प्रशासन की सक्रियता के बीच लोगों को उम्मीद है कि त्योहार के दौरान खरीदारी और आवागमन में कम से कम परेशानी होगी।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.