चार माह से वेतन बकाया, ऊर्जा मित्रों ने ईएसई कार्यालय के समक्ष दिया धरना, अर्धनग्न प्रदर्शन की चेतावनी
धनबाद : झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ ने वेतन भुगतान में देरी के विरोध में ईएसई कार्यालय के समक्ष धरना दिया। ऊर्जा मित्रों का आरोप है कि पिछले चार माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है। दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के दौरान भी वेतन का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। धरना के दौरान संघ ने बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई। संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह संस्थापक संतोष कुशवाहा ने कहा कि बिलिंग एजेंसी वेतन भुगतान के मामले में लगातार टालमटोल कर रही है। इसके कारण ऊर्जा मित्रों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संतोष कुशवाहा ने चेतावनी दी कि धरना के बाद भी यदि प्रबंधन उनकी मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाता और बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है, तो आगामी 18 तारीख को ऊर्जा मित्र अर्धनग्न प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। ऊर्जा मित्र संघ ने प्रबंधन से जल्द से जल्द बकाया वेतन जारी करने की मांग की है। अब देखना होगा कि कर्मचारियों की मांग पर प्रबंधन कब तक कार्रवाई करता है।
रिपोर्टर : सिंधु कुमार

No Previous Comments found.