उद्घाटन से पहले राजा तालाब का निरीक्षण, शेष कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
धनबाद : झरिया विधानसभा क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक राजा तालाब को आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह ने धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त आशीष गंगवार एवं सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार के साथ तालाब का निरीक्षण किया। उद्घाटन से पूर्व किए गए इस निरीक्षण के दौरान तालाब की साफ-सफाई, परिसर में लगाई गई लाइटों और सौंदर्यीकरण से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान विधायक रागिनी सिंह ने तालाब परिसर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंदर्यीकरण के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तालाब परिसर में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।
राजा तालाब को मिलेगा आकर्षक स्वरूप
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि राजा तालाब झरिया की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसके सौंदर्यीकरण से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा कराना आवश्यक है, ताकि जल्द ही राजा तालाब को नए और आकर्षक स्वरूप में झरिया वासियों को समर्पित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि झरिया के विकास और आम नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और उनका व्यवस्थित विकास क्षेत्र की पहचान को मजबूत करने के साथ नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा।
समय-सीमा में कार्य पूरा करने पर जोर नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने निरीक्षण के दौरान सौंदर्यीकरण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और परिसर की अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ परिसर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखना जरूरी है, ताकि नागरिकों को इसका समुचित लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने तालाब परिसर में उपलब्ध सुविधाओं और शेष कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होने के बाद राजा तालाब को नए स्वरूप में झरिया वासियों को समर्पित किए जाने की तैयारी है। इससे क्षेत्र के लोगों को एक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होने की उम्मीद है।
रिपोर्टर : सिंधु कुमार

No Previous Comments found.