झरिया के राजा तालाब में दिखेगा बनारस के गंगा घाट जैसा नजारा, 1 नवंबर को होगी भव्य गंगा आरती
धनबाद : छठ महापर्व से पहले झरिया के ऐतिहासिक राजा तालाब में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। आगामी 1 नवंबर को तालाब परिसर में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर आध्यात्मिक माहौल तैयार करने की योजना है। कार्यक्रम में बनारस के प्रसिद्ध आचार्य रणधीर जी की टीम गंगा आरती करेगी, जबकि जमशेदपुर के प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक पाठक भजन-कीर्तन की प्रस्तुति देंगे।
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने अपने बिहार बिल्डिंग स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक राजा तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से दो वर्षों में यह कार्य संपन्न हुआ है। आगामी 1 नवंबर को इसका उद्घाटन किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि राजा तालाब झरिया के लोगों की आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। तालाब के सौंदर्यीकरण का उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के तहत शाम 4 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। जमशेदपुर के प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक पाठक अपनी प्रस्तुति से भक्तिमय माहौल बनाएंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे आचार्य रणधीर जी की टीम भव्य गंगा आरती करेगी। आयोजकों के अनुसार, आचार्य रणधीर जी की टीम बनारस में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के लिए भी गंगा आरती कर चुकी है।
रागिनी सिंह ने कहा कि राजा तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य छठ महापर्व से पहले पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया था। अब सौंदर्यीकरण कार्य के उद्घाटन के साथ गंगा आरती का आयोजन झरिया के लिए विशेष आकर्षण बनेगा। इस आयोजन से छठ महापर्व से पहले राजा तालाब परिसर में धार्मिक उत्सव और भक्ति का माहौल देखने को मिलेगा।
प्रेसवार्ता में विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, केडी पांडेय, अभिषेक पांडेय, उमेश यादव, रघु राम सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्टर : सिंधु कुमार

No Previous Comments found.