संवरेगा धरमपुरी नर्मदा टापू पर बना बिलवामृतेश्वर मंदिर
धार : सिंहस्थ 2028 के पहले धरमपुरी स्थित नर्मदा टापू पर बना प्राचीन बिलवामृतेश्वर मंदिर धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा। धरमपुरी के विधायक कालूसिंह ठाकुर के प्रयासों से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस प्राचीन स्थान के वैभव को लौटाने के लिए 5 करोड़ 66 लाख 93 हजार राशि स्वीकृत कर दी है। एमपी हाउसिंग बोर्ड द्वारा टेंडर जारी कर दिए गए हैं। कायाकल्प की सीमा 15 माह रखी गई है। धरमपुरी विधानसभा में विधायक के प्रयासों और मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र को सौगात देने को लेकर खुशी का माहौल है। दरअसल धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र स्थित यह मंदिर बेहद प्राचीन है। मंदिर को तीर्थ और धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग हमेशा होती रही है। इसे लेकर धरमपुरी विधायक कालूसिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से भोपाल जाकर इस स्थान के लिए विशेष योजना बनाने की बात कही थी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस क्षेत्र का महत्व समझते हुए तत्काल योजना बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद इस मामले में विधायक ठाकुर लगातार सक्रिय नजर आए। इंदौर कमिश्नर दीपक सिंह ने भी धरमपुरी पहुंचकर इस दिशा में आगे कदम बढ़ाया था। एमपी हाउसिंग बोर्ड और मध्य प्रदेश टूरिज्म कारपोरेशन द्वारा इस स्थान के कायाकल्प के लिए योजना बनाई गई। इसके बाद 5 करोड़ 66 लाख 93 हजार की राशि मध्य प्रदेश शासन ने जारी कर दी। इस योजना में मुख्य मंदिर के कायाकल्प, मुख्य गेट, मंदिर प्रांगण में फ्लोरिंग,मंदिर हाल निर्माण, पूरे परिसर में ब्लॉकिंग, चारों तरफ बाउंड्री वॉल के निर्माण के साथ इस स्थान के विकास को लेकर विस्तृत कार्य योजना बनाई गई है। इसके लिए एक माह पूर्व टेंडर जारी हो चुके हैं जो आने वाले दो दिनों में ओपन होंगे उसके बाद एजेंसी तय होते ही कार्य शुरू किया जाएगा। इस विषय में विधायक कालू सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही हम इस योजना का श्री गणेश करेंगे। यह क्षेत्र को बड़ी सौगात है। इस योजना के माध्यम से बिलवामृतेश्वर महादेव मंदिर संवरेगा। इस स्थान का पौराणिक और प्राचीन वैभव लौटेगा। सिंहस्थ 2028 के पहले यह योजना मूर्ति रूप लेगी। धरमपुरी धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा। जिससे क्षेत्र में खुशहाली और रोजगार भी बढ़ेगा।
रिपोर्टर : अशोक मिरदवाल
No Previous Comments found.