जुड़ शीतल 2026: ठंडक, आशीर्वाद और परंपरा का अनोखा पर्व

मिथिला की समृद्ध लोक संस्कृति में कई ऐसे पर्व शामिल हैं, जो केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि जीवन के मूल्यों और प्रकृति के साथ संतुलन का संदेश भी देते हैं. उन्हीं में से एक प्रमुख पर्व है जुड़ शीतल, जो हर साल वैशाख महीने की शुरुआत में मनाया जाता है. यह पर्व मैथिली नववर्ष के दूसरे दिन आता है और समाज में प्रेम, शांति और आशीर्वाद की भावना को मजबूत करता है.

कब मनाया जाता है जुड़ शीतल

साल 2026 में जुड़ शीतल का पर्व 15 अप्रैल, बुधवार को मनाया जा रहा है. परंपरा के अनुसार, यह पर्व सतुआनी यानी सतुआन के अगले दिन मनाया जाता है. 14 अप्रैल को मैथिली नववर्ष की शुरुआत होती है और उसके दूसरे दिन जुड़ शीतल का आयोजन किया जाता है. इस तरह यह पर्व नववर्ष के स्वागत के साथ नई ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक बन जाता है.

शीतलन अनुष्ठान का महत्व

जुड़ शीतल का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा ‘शीतलन अनुष्ठान’ होता है. इस दिन परिवार के बड़े सदस्य छोटे सदस्यों के सिर पर ठंडा जल डालते हैं और ‘जुड़ैल रह’ या ‘जुड़ायल रहु’ कहकर आशीर्वाद देते हैं. यह परंपरा आने वाले वर्ष में सुख, शांति और स्वस्थ जीवन की कामना का प्रतीक मानी जाती है.

इसके अलावा, इस दिन मां शीतला की पूजा भी की जाती है, जो स्वास्थ्य और रोगों से रक्षा की देवी मानी जाती हैं. यह अनुष्ठान शरीर और मन को शीतल बनाए रखने का संदेश देता है.

पारंपरिक भोजन और रीति-रिवाज

जुड़ शीतल पर्व पर ताजा भोजन की बजाय बासी भोजन खाने की परंपरा होती है. एक दिन पहले ही भोजन तैयार किया जाता है, जिसमें सत्तू, दही-चूड़ी, कच्चे आम की चटनी, कढ़ी और चावल जैसे व्यंजन शामिल होते हैं. यह परंपरा गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक पहुंचाने का प्रतीक है

प्रकृति से जुड़ा संदेश

यह पर्व केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है. इस दिन लोग घर-आंगन, पेड़-पौधों और पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करते हैं। यह संदेश देता है कि जीवन में शीतलता और संतुलन बनाए रखना जरूरी है.

जुड़ शीतल केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि जीवन में शांति, संतुलन और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है. यह पर्व हमें सिखाता है कि बदलते मौसम के साथ अपने जीवन को भी संतुलित और सकारात्मक बनाए रखना चाहिए.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.