गौवंश की सुरक्षा के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला

गौवंश की सुरक्षा के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार गौवंश के संरक्षण के लिए संकल्पित नज़र आती है। और कई योजनाओं और नीति के माध्यम से पशुओं के लिए काम करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज पशुपालन निदेशालय में निराश्रित गोवंश के संरक्षण हेतु 11 जनपदों के 18 वृहद गो संरक्षण केन्द्रों का वर्चुवल लोकार्पण तथा 7 जनपदों के 15 वृहद गो संरक्षण केन्द्रों का शिलान्यास किया। प्रदेश के जनपद आगरा, ललितपुर, हरदोई में दो-दो, अमरोहा, महोबा में तीन-तीन तथा अमेठी, जालौन, एटा, सुल्तानपुर, जौनपुर तथा बरेली में एक-एक वृहद गो संरक्षण केंद्रो का शत प्रतिशत निर्माण पूर्ण हो चुका है। इन केंद्रों के निर्माण में राज्य सरकार द्वारा प्रति केंद्र रु 160.12 लाख धनराशि व्यय की गई है। इसके अतिरिक्त आगरा में 04, हापुड़ में 03, हरदोई, मिर्जापुर में दो-दो, पीलीभीत, बाराबंकी तथा शाहजहाँपुर में एक-एक वृहद गो संरक्षण केन्द्र का शिलान्यास भी वर्चुअली किया गया। सभी 33 वृहद गोसंरक्षण केन्द्रों के निर्माण लागत रू0 5283.96 लाख है। प्रति केंद्र में लगभग 400 गोवंश को संरक्षित किया जा सकता है।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायकों, ग्रामप्रधानों, जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी तथा केयरटेकरों से भी गोवंश के रखरखाव और सहयोग पर बात की। उन्होंने संबंधित जनपदों के मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंश संरक्षण के कार्यों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, केन्दों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। ठंड के दृष्टिगत ठंड से बचाव की व्यवस्था की जाये। गोशालाओं में गाय भूखी न रहे, चारा, भूसा, प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निराश्रित गोवंशों के कारण किसानों की फसलों को नुकसान से बचाने तथा मार्ग दुर्घटनाओं के कारण होने वाली जनहानि को रोकने के लिए दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश में 7,643 गो आश्रय स्थलों की स्थापना की जा चुकी है, जिसमें कुल 12,14,972 निराश्रित गोवंश संरक्षित है।
उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशन में निराश्रित गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन निरंतर किया जा रहा है। पशुपालकों एवं किसानों की आय में बढ़ोत्तरी करना सरकार का मुख्य उद्देश्य है और इस दिशा में विभाग द्वारा निरन्तर सार्थक एवं सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता के दृष्टिगत टीकाकरण कार्य नियमित रूप से सम्पादित किया जा रहा है और विभाग की सभी योजनाओं का लाभ किसानों और पशुपालकों को दिया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नस्ल सुधार एवं कृत्रिम गर्भाधान पर जोर दिया जाये। विभाग की योजनाओं का लाभ किसानों और पशुपालकों तक समय से पहुचायें और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराये।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पशुधन एवं दुग्ध विकास के0 रविन्द्र नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और पशुधन विकास मंत्री के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा निराश्रित गोवंश का गो आश्रय स्थलों में निरंतर संरक्षण किया जा रहा है। पशुपालन विभाग द्वारा ग्राम्य विकास, राजस्व विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग तथा गृह विभाग के समन्वय से अवशेष निराश्रित गोवंश के संरक्षण हेतु 07 दिसंबर से 14 दिसंबर, 2024 तक विशेष अभियान चलाया जायेगा।
इस अवसर पर पशुधन मंत्री ने सी न्यूज़ भारत पर बोलते हुए कहा बंधित जनपदों के मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों और जिलाधिकारियों से वर्चुअल रूप से वार्ता की और निर्देशित किया कि गौ वंश संरक्षण के कार्यों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में पशुधन विभाग के विशेष सचिव श्री देवेन्द्र पांडे, पशुपालन विभाग के अपर निदेशक डॉ नीलम और डॉ0 जयकेश पाण्डे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
No Previous Comments found.