हर जिले में राजा भैया होगा तो कथा कौन रोकेगा? धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान

भारत हिंदू राष्ट्र है या नहीं, इसे घोषित किया जाना चाहिए या नहीं, यह विचार का विषय है। यह बयान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रतापगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया। उन्होंने हिंदुत्व, सनातन परंपरा और धार्मिक कथाओं के विरोध को लेकर भी अपनी बात रखी। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हिंदुत्व की परंपरा में ही सनातन सुरक्षित रह सकता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर हर जिले में राजा भैया होंगे तो किसी में भी कथा रोकने की क्षमता नहीं होगी। उनका यह बयान कथा के विरोध को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सामने आया है।

हिंदू राष्ट्र के सवाल पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र है, इसे घोषित किया जाए या नहीं, यह विचार में है। उन्होंने मथुरा जाने का जिक्र करते हुए कहा, "मथुरा हम जाएंगे, सबको बुलाएंगे। मत करो भव्य-दिव्य तैयारी, मथुरा चलेंगे मुग्दरधारी।"

दरअसल, कुंडा में रामकथा का आयोजन जनसत्ता दल के नेता और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से कराया जा रहा है। सपा नेताओं की ओर से विरोध की चर्चाओं के बीच राजा भैया ने स्पष्ट कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री की कथा होकर रहेगी। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा था कि जिसे रोकना है, रोककर दिखाए। इसके बाद यह धार्मिक आयोजन राजनीतिक बयानबाजी का विषय बन गया।

जानकारी के मुताबिक, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार शाम करीब 60 सहयोगियों के साथ प्रतापगढ़ के बेंती पहुंचे। वह दुबई से प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां राजा भैया ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राजा भैया खुद गाड़ी चलाकर उन्हें बेंती लेकर आए। धीरेंद्र शास्त्री चार दिनों तक राजभवन स्थित पंचवटी में प्रवास करेंगे।

रामकथा का आयोजन कुंडा के राजभवन बेंती स्थित योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम, हवाई पट्टी परिसर में किया जा रहा है। 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 या 6 बजे तक कथा का वाचन होगा। आयोजन के अंतिम दिन यानी 20 नवंबर को पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार लगाया जाएगा।

धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र और सनातन को लेकर दिए गए बयान तथा राजा भैया के समर्थन से यह आयोजन धार्मिक के साथ-साथ राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन गया है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.