शैलेन्द्र प्रताप सिंह सीआईएसएफ में डीआईजी पद पर पदोन्नत

लखनऊ। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में कार्यरत शैलेन्द्र प्रताप सिंह को संघ लोक सेवा आयोग की सिफारिश पर उप महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी यह पदोन्नति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, नेतृत्व क्षमता एवं समर्पण का परिणाम है। शैलेन्द्र प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश राज्य के जनपद लखनऊ के निवासी हैं। वह दर्शनशास्त्र में स्नातकोत्तर हैं तथा उन्होंने इस विषय में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। वह यूपीएससी 2004 बैच के अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में देश के विभिन्न राज्यों एवं संवेदनशील स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। इसके अतिरिक्त शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड में भी अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के अंतर्गत हैती में कंटीजेन्ट कमाण्डर के रूप में कार्य करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। कश्मीर में एलओसी के पास बांदीपोरा क्षेत्र में स्थित किशनगंगा जल विद्युत परियोजना को केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की इकाई के रूप में स्थापित करने में भी उनकी अहत भूमिका रही है। वर्तमान में शैलेन्द्र प्रताप सिंह केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की विशेष सुरक्षा समह इकाई ग्रेटर नोएडा में उप महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जहाँ वह देश के विभिन्न राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों में विशिष्ट एवं अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था का पर्यवेक्षण कर रहे हैं। उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए वर्ष 2022 में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक से भी सम्मानित किया गया था। उनकी इस पदोन्नति पर प्रशासनिक अधिकारियों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.