दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, IED ब्लास्ट के ईमेल से मचा हड़कंप
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले उनके लाइव शो से पहले बम धमाके की धमकी मिली है। धमकी भरे ईमेल में कॉन्सर्ट स्थल पर IED ब्लास्ट करने की बात कही गई है। इस खबर के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमकी धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजे गए एक ईमेल के जरिए मिली है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा लिखने के साथ बेंगलुरु के मादवारा स्थित NICE रोड ग्राउंड पर बम धमाका करने की धमकी दी गई है। गौरतलब है कि इसी मैदान में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित होने वाला है।
कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों को भी चेतावनी
इस धमकी भरे ईमेल में केवल कॉन्सर्ट स्थल को निशाना बनाने की बात नहीं कही गई, बल्कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले दर्शकों को भी चेतावनी दी गई है। ईमेल में लोगों से बच्चों को साथ नहीं लाने, आईफोन पर आने वाली कॉल रिसीव नहीं करने और मेट्रो से सफर नहीं करने की बात कही गई है। इस तरह की चेतावनियों के बाद कॉन्सर्ट की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
फिलहाल पुलिस इस धमकी की सत्यता की जांच कर रही है। साथ ही ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए जरूरी सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर रही हैं।
अहमदाबाद कॉन्सर्ट में हुई थी मोबाइल चोरी
दिलजीत के कॉन्सर्ट से जुड़ी यह खबर ऐसे समय में आई है, जब हाल ही में अहमदाबाद में हुए उनके शो के दौरान मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से करीब 4.3 लाख रुपये कीमत के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।फिलहाल बेंगलुरु कॉन्सर्ट को मिली धमकी ने आयोजकों, पुलिस प्रशासन और फैंस की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी आगे की जानकारी पर टिकी हैं।

No Previous Comments found.