IAS दिव्या मित्तल ने अचानक छोड़ी नौकरी, इस्तीफे के पीछे क्या है वजह?

IIT, IIM, फिर लंदन में लाखों का पैकेज, उसके बाद भारत लौटकर देश सेवा का जुनून और 2013 बैच की यूपी कैडर की IAS अफसर! जी हां, हम बात कर रहे हैं IAS दिव्या मित्तल की, जिनके अचानक इस्तीफा देने की खबर ने प्रशासनिक गलियारों से लेकर लखनऊ की सत्ता और सियासत तक में तहलका मचा दिया है। 11 साल की नौकरी, 8 जिलों में तैनाती और कई अहम जिम्मेदारियों के बाद जब दिव्या मित्तल ने अपने पद को अलविदा कहा, तो उनका एक-एक शब्द सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक होनहार और चर्चित महिला अफसर ने अचानक प्रशासनिक सेवा को राम-राम कह दिया? आइए जानते हैं। 

उत्तर प्रदेश की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है...और उनके इस्तीफे के साथ ही एक ऐसा सवाल उठ खड़ा हुआ है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक हलचल बढ़ा दी है। सवाल ये कि आखिर दिव्या मित्तल ने अपनी लंबी प्रशासनिक पारी को अलविदा कहते वक्त सिर्फ देवरिया और मिर्जापुर को ही इतना खास क्यों याद किया? आपको बता दें एक तरफ देवरिया है जहां दिव्या मित्तल कहती हैं कि उन्होंने सीखा कि सही के साथ खड़ा होना कोई विकल्प नहीं, बल्कि कर्तव्य है। और दूसरी तरफ मिर्जापुर है जहां उन्होंने ये सीखा कि असंभव कोई तथ्य नहीं, बल्कि सिर्फ एक राय है। यानी इस्तीफे की चिट्ठी में सिर्फ नौकरी छोड़ने की बात नहीं थी...बल्कि उन अनुभवों की पूरी कहानी थी, जिसने एक IAS अधिकारी की सोच और उनकी प्रशासनिक यात्रा को गहराई से प्रभावित किया। दरअसल, दिव्या मित्तल ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर एक लंबा और भावुक संदेश लिखकर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी प्रशासनिक सेवा की इस यात्रा को स्वेच्छा से विराम दिया है। उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए लिखा कि उनकी आंखें कृतज्ञता से नम हैं...पद भले ही पीछे छूट गया हो, लेकिन देश और समाज के लिए कुछ करने का सपना पीछे नहीं छूटा। वहीं दिव्या मित्तल का ये फैसला इसलिए भी खास है क्योंकि वह उत्तर प्रदेश कैडर की उन अधिकारियों में रही हैं, जिनकी अलग-अलग जिलों और महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर तैनाती चर्चा में रही। लेकिन अपने विदाई संदेश में उन्होंने जिन दो जिलों को दिल के सबसे करीब रखा, उनमें मिर्जापुर और देवरिया सबसे ऊपर रहे।

आपको बता दें मिर्जापुर की कहानी तो और भी खास है...क्योंकि मिर्जापुर में जिलाधिकारी रहते हुए दिव्या मित्तल ने लहुरियादह गांव तक पानी पहुंचाने को अपनी बड़ी उपलब्धियों में माना। जिस गांव में पानी पहुंचना कभी मुश्किल माना जाता था, वहां जब पहली बार पानी पहुंचा तो एक बुजुर्ग महिला ने कुछ कहने के बजाय कांपते हाथों से दिव्या मित्तल के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया। यही वजह है कि मिर्जापुर का नाम उनके इस्तीफे के संदेश में आते ही उनकी पुरानी पोस्टिंग और वहां किए गए काम फिर से चर्चा में आ गए हैं। लेकिन कहानी सिर्फ मिर्जापुर की नहीं है। देवरिया ने उन्हें एक दूसरी बड़ी सीख दी। दिव्या मित्तल के मुताबिक देवरिया ने उन्हें सिखाया कि सही के साथ खड़े होना सिर्फ पसंद या विकल्प नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और कर्तव्य है। यानी उनके लिए प्रशासनिक सेवा सिर्फ फाइलों, आदेशों और सरकारी बैठकों तक सीमित नहीं रही। उन्होंने अपने संदेश में बार-बार आम लोगों से मिले अनुभवों को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। वहीं आइए अब आपको बताते हैं कि दिव्या मित्तल का प्रशासनिक सफर रहा कैसा? आपको बता दें हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली दिव्या मित्तल की पृष्ठभूमि बेहद ही साधारण रही, लेकिन उनके सपने बेहद बड़े थे। IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA करने के बाद उन्होंने अपने साथी गगनदीप सिंह ढिल्लों से शादी की। दोनों का सिलेक्शन भारी-भरकम पैकेज पर लंदन की मल्टीनेशनल कंपनियों में हुआ। दिव्या जेपी मॉर्गन में और गगन सिटी ग्रुप में तैनात थे। लेकिन विदेश की चकाचौंध उनके देशप्रेम के आगे फीकी पड़ गई। लंदन में मन न लगने के कारण दोनों पति-पत्नी ने नौकरियां छोड़ीं और भारत लौट आए। UPSC की तैयारी शुरू की और दिव्या ने 2012 में 68वीं रैंक हासिल कर अपनी काबिलियत साबित की। पहले IPS में चयन हुआ, लेकिन सपना IAS बनने का था, जिसे उन्होंने 2013 बैच में पूरा कर दिखाया। उनके पति गगनदीप सिंह भी IAS बने, हालांकि गगनदीप ने भी साल 2022 में VRS लेकर नौकरी छोड़ दी थी। वहीं दूसरी तरफ दिव्या मित्तल का 11 साल का कार्यकाल उपलब्धियों और नए प्रयोगों से भरा रहा। उनकी पहली तैनाती 27 नवंबर 2015 को मेरठ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में हुई। इसके बाद गोंडा में सीडीओ, कानपुर नगर में UPSIDC की जिम्मेदारी और बरेली विकास प्राधिकरण की वाइस चेयरमैन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर उन्होंने काम किया। यानी प्रशासनिक करियर के शुरुआती दौर में ही उन्हें जिला प्रशासन के साथ-साथ विकास और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी मिलीं।

इसके बाद करीब डेढ़ साल बाद एक बार फिर उन्होंने जिला प्रशासन की कमान संभाली और 11 सितंबर 2020 को संत कबीर नगर की जिलाधिकारी बनीं। यहां उनके प्रशासनिक करियर को एक नई पहचान मिली और जिला स्तर पर उनकी भूमिका और मजबूत हुई। इसके बाद 17 सितंबर 2022 को उन्हें मिर्जापुर का जिलाधिकारी बनाया गया। यहीं से दिव्या मित्तल के प्रशासनिक सफर का एक ऐसा अध्याय शुरू हुआ, जिसे उन्होंने अपनी विदाई के वक्त सबसे खास अंदाज में याद किया। मिर्जापुर में वह करीब एक साल तक जिलाधिकारी रहीं। इस दौरान लहुरियादह गांव तक पानी पहुंचाने का काम हो या स्थानीय लोगों से जुड़ाव...उनके कार्यकाल की कई बातें चर्चा में रहीं। चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग के दौरान उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें वह एक छोटी बच्ची के साथ मंच पर डांस करती नजर आई थीं। मिर्जापुर में कजली महोत्सव को लेकर भी उन्होंने स्थानीय स्तर पर पहल की और कजली त्योहार के लिए स्थानीय छुट्टी घोषित की। वहीं जब उनका मिर्जापुर से तबादला हुआ, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें भावुक होकर विदाई दी। लोगों ने फूल बरसाए और इस दौरान दिव्या मित्तल भी भावुक हो गई थीं। उन्होंने कहा था कि उन्हें मिर्जापुर में जितना प्यार मिला, उतना शायद कहीं और नहीं मिला। वहीं मिर्जापुर के बाद दिव्या मित्तल की पोस्टिंग देवरिया में हुई। 13 जुलाई 2024 को उन्हें देवरिया का जिलाधिकारी बनाया गया। करीब पौने दो साल तक उन्होंने वहां जिला प्रशासन की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 6 मई 2026 को उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में स्पेशल सेक्रेटरी बनाया गया और उनकी पोस्टिंग लखनऊ हो गई। यही उनकी आखिरी दर्ज प्रशासनिक तैनाती रही।

आपको बता दें दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। वहीं अब इस्तीफे के बाद उठ रहे तरह-तरह के सवालों पर दिव्या मित्तल ने खुद चुप्पी तोड़ी। उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला किसी दबाव या अचानक हुए घटनाक्रम का नतीजा नहीं है। उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद ये फैसला लिया है। उनका कहना है कि IAS की नौकरी उनकी जिंदगी का सिर्फ एक अध्याय है, पूरी जिंदगी नहीं। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं, रुचियों और परिवार को ध्यान में रखते हुए आगे का रास्ता चुना है। हालांकि भविष्य में वह किस क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय होंगी, इसे लेकर अभी उन्होंने कोई अंतिम घोषणा नहीं की है। वहीं दूसरी तरफ अब दिव्या मित्तल के इस्तीफे ने सियासी रंग भी पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिव्या मित्तल के इस्तीफे का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा माहौल में ईमानदार अधिकारियों के लिए काम करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों पर दबाव है और इसी वजह से कई लोग समय से पहले नौकरी छोड़ रहे हैं।

कुल मिलाकर देखा जाए तो एक तरफ 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद IAS दिव्या मित्तल ने सरकारी कुर्सी को अलविदा कह दिया है...दूसरी तरफ उनके इस्तीफे ने सियासी बहस को भी हवा दे दी है। लेकिन खुद दिव्या मित्तल ने साफ कर दिया है कि ये फैसला किसी दबाव या अचानक पैदा हुई परिस्थिति का नतीजा नहीं है। वह अपनी जिंदगी के अगले अध्याय की ओर बढ़ना चाहती हैं। उनकी विदाई का सबसे भावुक हिस्सा शायद यही है कि उन्होंने अपने प्रशासनिक सफर की चमक-दमक को नहीं, बल्कि आम लोगों से मिले प्यार और भरोसे को याद रखा। मिर्जापुर की उस बुजुर्ग मां का आशीर्वाद...लहुरियादह तक पहुंचा पानी...किसानों के खेत...दिव्यांगों का सम्मान...और देवरिया से मिली सही के साथ खड़े रहने की सीख। कुर्सी छूट गई है...पद पीछे रह गया है...लेकिन दिव्या मित्तल के मुताबिक लोगों का भरोसा और देश के लिए कुछ करने का सपना अभी बाकी है। अब देखना यही होगा कि IAS की जिम्मेदारी से बाहर आने के बाद दिव्या मित्तल अपने जीवन के इस नए अध्याय में कौन-सी नई भूमिका चुनती हैं...और क्या उनका अगला सफर भी उतना ही चर्चा में रहता है, जितना उनका प्रशासनिक सफर रहा। 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.