ट्रंप पर हमले की साजिश? वॉशिंगटन में डिनर के दौरान फायरिंग से दहला अमेरिका

वॉशिंगटन का वह ऐतिहासिक पल, जो राजनीति और ग्लैमर के संगम के लिए सजा था, अचानक एक खौफनाक मंजर में तब्दील हो गया। वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान उस वक्त दहशत फैल गई जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मंच पर आने से ठीक पहले गोलीबारी शुरू हो गई।

करीब 2300 प्रतिष्ठित मेहमानों से भरे हॉल में रात 8:35 बजे अचानक तेज आवाजों ने सन्नाटा खींच दिया। लोग समझ ही नहीं पाए कि यह पटाखे हैं या हमला, लेकिन कुछ ही सेकंड में "एक्टिव शूटर" की खबर ने पूरे बॉलरूम में चीख-पुकार मचा दी। एक संदिग्ध शख्स हाथ में शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू लेकर सीधे उस हॉल की तरफ बढ़ रहा था जहाँ राष्ट्रपति और अन्य दिग्गज नेता मौजूद थे। जांच में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का रहने वाला है। कैसे घुसा अंदर? आरोपी होटल का ही एक मेहमान था, इसलिए वह शुरुआती सुरक्षा घेरों को चकमा देने में कामयाब रहा।

होटल को आम जनता के लिए बंद कर दिया गया था, लेकिन कमरा बुक होने के कारण एलन को अंदर जाने से नहीं रोका गया। सीसीटीवी फुटेज में उसे बैरिकेड लांघकर सुरक्षाकर्मियों की ओर हमलावर रुख के साथ बढ़ते हुए देखा गया है। जैसे ही पहली गोली चली, सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तुरंत राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को कवर दिया। सुरक्षा घेरे से बाहर ले जाते वक्त ट्रंप का संतुलन थोड़ा बिगड़ा, लेकिन कमांडो ने उन्हें तुरंत संभाल लिया और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। भागने की कोशिश में हमलावर ने एक सीक्रेट पुलिस अधिकारी पर गोली चलाई। गनीमत रही कि अधिकारी ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी थी, जिससे उसकी जान बच गई।

दिलचस्प और डरावनी बात यह है कि यह वही वॉशिंगटन हिल्टन होटल है जहाँ 1981 में राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर भी हमला हुआ था। करीब 45 साल बाद दोबारा उसी स्थान पर ऐसी घटना होना अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है। अधिकारियों का दावा है कि "मल्टी-लेयर सुरक्षा" की वजह से हमलावर मुख्य हॉल के अंदर नहीं जा सका। फिलहाल कोल टोमस एलन पुलिस की गिरफ्त में है और उस पर घातक हथियारों से हमले के आरोप लगे हैं। हालांकि, उसने यह हमला क्यों किया और उसका असली मकसद क्या था, इसकी जांच अभी जारी है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.