जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा

दुमका - समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान भवन निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, पथ प्रमंडल, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, विद्युत आपूर्ति विभाग, वन प्रमंडल, जेएसएलपीएस, समाज कल्याण विभाग, कल्याण विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को पेयजल से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा सभी चापानल एवं जलमीनार को पूरी तरह क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया। जेएसएलपीएस की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से करंज एवं महुआ के बीजों के संग्रहण तथा उनके विपणन को बढ़ावा देने पर बल दिया, ताकि ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो सके। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्वास्थ्य संस्थानों के भवनों की आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने,सरकारी कोल्ड स्टोरेज की जानकारी आमजनों तक व्यापक रूप से प्रचारित करने तथा उसके समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं कृषि विभाग को किसानों के बीच बीजों का वितरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर - गियासुद्दीन अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.