गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट: पेयजल शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
दुमका : उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर जिलेभर में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं खराब पड़े चापाकलों की मरम्मति का कार्य लगातार किया जा रहा है, ताकि भीषण गर्मी में आमजनों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत सीमानीजोर एवं बरमसिया पंचायत में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मति की गई। तकनीकी टीम द्वारा पाइप एवं अन्य उपकरण बदलकर कई चापाकलों को पुनः चालू किया गया। साथ ही कुछ स्थानों पर सोलर आधारित जलापूर्ति संरचनाओं की भी मरम्मति की गई,ताकि ग्रामीणों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सके।
पेयजल एवं चापाकल मरम्मति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सं.-02, दुमका में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। आमजन कार्यालय अवधि प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक नियंत्रण कक्ष के मोबाईल नंबर 8709523314 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
शिकायत दर्ज कराते समय पंचायत एवं ग्राम का नाम, खराब चापाकल का स्थान, निकटवर्ती व्यक्ति का नाम एवं मोबाईल नंबर तथा शिकायतकर्ता का नाम एवं मोबाईल नंबर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए पेयजल समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : गियासुद्दीन अंसारी

No Previous Comments found.