जनहित की परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, सड़क व भू-अर्जन कार्यों की हुई समीक्षा।
दुमका - समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में भू-अर्जन, पथ निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं रेलवे से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त द्वारा विभिन्न परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त की गई। उपायुक्त ने बासुकीनाथ-देवघर पथ निर्माण कार्य को आगामी 20 दिनों के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं, बासुकीनाथ-दुमका पथ निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि श्रावण माह से पूर्व निर्धारित समय-सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि आमजनों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक के दौरान लंबित दाखिल-खारिज मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को इन मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही,जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों को लंबित नहीं रखने तथा सभी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उपायुक्त द्वारा राजस्व, आंतरिक संसाधन एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन हेतु आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने,भू-अर्जन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर - गियासुद्दीन अंसारी

No Previous Comments found.