खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्ती के निर्देश।
दुमका - उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि अवैध कोयला खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से डोजरिंग अभियान चलाया जाए तथा सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। विशेष रूप से शिकारीपाड़ा एवं गोपीकांदर प्रखंडों में सघन निगरानी अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि पूर्व के वर्षों में डोजरिंग के माध्यम से ध्वस्त की गई अवैध खदानों की वर्तमान स्थिति पर भो नजर रखें। साथ ही संभावित अवैध खनन स्थलों की पहचान कर नियमित छापेमारी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी प्रखंडों में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लीज क्षेत्र से बाहर किसी भी प्रकार का खनन करने वाले व्यक्तियों एवं समूहों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने वाहन जांच अभियान को और अधिक सघन एवं प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन पर नियंत्रण हेतु प्रतिदिन अधिक से अधिक वाहनों की जांच सुनिश्चित की जाए तथा समन्वित कार्रवाई के माध्यम से इस पर प्रभावी रोक लगाई जाए।बैठक में सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर - गियासुद्दीन अंसारी

No Previous Comments found.