सखी मंडल की महिलाओं को एसबीआई ने दी डिजिटल बैंकिंग की जानकारी

दुमका : भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मुख्य शाखा, दुमका द्वारा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के अंतर्गत संचालित सखी मंडल की महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल बैंकिंग उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एसबीआई खाताधारक सखी मंडल की महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों ने महिलाओं को मोबाइल बैंकिंग, व्हाट्सऐप बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग सहित एसबीआई की विभिन्न डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी। लाइव डेमो के माध्यम से इन सेवाओं के उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि महिलाएं स्वयं सुरक्षित एवं सरल तरीके से डिजिटल बैंकिंग का लाभ उठा सकें।

इस दौरान डिजिटल लेन-देन में साइबर सुरक्षा, ओटीपी एवं बैंकिंग गोपनीयता से संबंधित आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल बैंकिंग से समय की बचत होती है और बैंकिंग सेवाएं घर के निकट एवं सुविधाजनक रूप से उपलब्ध हो जाती हैं।

महिलाओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को अपनाने के प्रति उत्साह व्यक्त किया। एसबीआई अधिकारियों ने विश्वास जताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने तथा वित्तीय समावेशन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रिपोर्टर : गियासुद्दीन अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.