दुमका में चोरी का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
दुमका : मुफ्फसील थाना क्षेत्र के रानीडिंडा गांव में एक नव-निर्मित मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, डॉ. नारायण हांसदा के नव-निर्मित मकान में चोरी की घटना के संबंध में मुफ्फसील थाना कांड संख्या 103/2026, दिनांक 29 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 331(4) एवं 3(5) के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दुमका के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) दिलीप खलखो के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रानीडिंडा निवासी पिंटु हांसदा (24 वर्ष) और सुधीर हांसदा (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के घरों से चोरी गया कूलर, फ्रिज, कई एलईडी टीवी, लैपटॉप, सीपीयू, स्पीकर, डिजिटल मीडिया प्लेयर, बैटरी, इन्वर्टर, ड्रिल मशीन, सरिया काटने की मशीन, कंप्यूटर मॉनिटर, जैक, सब्बल, रिंच एवं अन्य उपकरण सहित बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी:
दिलीप खलखो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), दुमका
जगन्नाथ धान, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, मुफ्फसील थाना
बाजो रजक, प्रभारी, विश्वविद्यालय ओपी दिग्घी
रौशन कुमार, पु.अ.नि., मुफ्फसील थाना
मैरीबीना किस्कु, पु.अ.नि., मुफ्फसील थाना
मुस्ताक आलम, स.अ.नि., मुफ्फसील थाना
सशस्त्र बल एवं चौकीदार, मुफ्फसील थाना।
रिपोर्टर : शुभंकर नन्दन
No Previous Comments found.