आसनबनी बाजार में 300 वर्षों से हो रही दुर्गा पूजा, एकादशी पर लगेगा भव्य मेला
दुमका : रानीश्वर प्रखंड के घनी आबादी वाले आसनबनी बाजार में करीब 300 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। यहां मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा को लेकर मंदिर के सामने आकर्षक पंडाल बनाया जाता है और पूरे बाजार में लगभग दो किलोमीटर तक रोशनी की व्यवस्था की जाती है।
पूजा समिति से जुड़े संजित रक्षित ने बताया कि आसनबनी बाजार की दुर्गा पूजा क्षेत्र में विशेष पहचान रखती है। पूजा के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
उन्होंने बताया कि दशमी के बाद एकादशी के दिन बाजार में भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। मेले में आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। हर वर्ष मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
इस वर्ष दुर्गा पूजा के आयोजन पर लगभग चार लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पूजा और मेले को लेकर बाजार में अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उल्लेखनीय है कि आसनबनी बाजार को स्थानीय लोग हाट आसनबनी के नाम से भी जानते हैं।
रिपोर्टर : गियासुद्दीन अंसारी
No Previous Comments found.