दक्षिणजोड़ खेल मैदान में जितिया पर्व पर लगा भव्य 'छाता मेला', उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
दुमका : उप राजधानी दुमका के अंतर्गत रानीश्वर प्रखंड के दक्षिणजोड़ पंचायत स्थित दक्षिणजोड़ खेल मैदान में सोमवार को जितिया पर्व के उपलक्ष्य में भव्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले को स्थानीय लोग 'छाता मेला' के नाम से जानते हैं।
मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और पर्व की खुशियों को एक-दूसरे के साथ साझा किया। मेले में स्थानीय व्यापारियों की दुकानें, खान-पान के स्टॉल और बच्चों के लिए मनोरंजन के विभिन्न झूले आकर्षण का केंद्र बने रहे। देर शाम तक मैदान में चहल-पहल बनी रही।
ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के आयोजन न केवल पर्व की गरिमा को बढ़ाते हैं, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और आयोजन समिति से आगे भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की मांग की।
गौरतलब है कि जितिया पर्व (जीवित्पुत्रिका व्रत) मिथिलांचल और संथाल परगना क्षेत्र में संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए मनाया जाने वाला प्रमुख पर्व है, जिसमें महिलाएं निर्जला व्रत रखकर सामूहिक पूजा-अर्चना करती हैं।
संवाददाता : गियासुद्दीन अंसारी

No Previous Comments found.