दुर्गा पूजा को लेकर रानेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार
दुमका : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार रानेश्वर थाना क्षेत्र पहुंचे। जिले के प्रमुख पूजा क्षेत्रों में शामिल रानेश्वर में पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने रानेश्वर थाना प्रभारी त्रिपुरारी कुमार के साथ रानेश्वर, रघुनाथपुर, बराडंगल एवं आसनबनी सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत की। एसपी के दौरे से स्थानीय लोगों में यह संदेश गया कि दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना है। दौरे के दौरान एसपी ने ग्रामीणों से भी मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। पुलिस प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
रिपोर्टर : शुभंकर नन्दन

No Previous Comments found.