गरीब बीमार वृद्ध की मौत के बाद अंतिम संस्कार का खर्च उठाया श्री श्री पार्थसारथी कल्याण ट्रस्ट ने, मानवता की मिसाल

रानीश्वर/दुमका : उप राजधानी दुमका के रानीश्वर प्रखंड के कुमिरदहा पंचायत अंतर्गत महेशबाथान गांव में बुधवार को मानवता की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली। श्री श्री पार्थसारथी कल्याण ट्रस्ट, महेशबाथान द्वारा लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे सुधर बाउरी की मौत के बाद उनके परिवार को अंतिम संस्कार के खर्च के लिए आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।

जानकारी के अनुसार, महेशबाथान निवासी सुधर बाउरी लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। उनकी हालत की जानकारी मिलने पर ट्रस्ट के सदस्यों ने पहले भी उनकी मदद की थी। मंगलवार देर रात उनकी मौत हो गई, जिसके बाद ट्रस्ट के सदस्य उनके घर पहुंचे और परिवार को अंतिम संस्कार के सभी खर्च के लिए आर्थिक सहयोग दिया।

ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि समाज में असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहना ही मानवीय कर्तव्य है।

गौरतलब है कि श्री श्री पार्थसारथी कल्याण ट्रस्ट, महेशबाथान क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के लिए जाना जाता है। ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर जरूरतमंदों, असहायों और बीमार लोगों की मदद की जाती रही है। महेशबाथान स्थित श्री श्री पार्थसारथी मंदिर के कारण यह क्षेत्र सामुदायिक सद्भाव और सामाजिक सहयोग का केंद्र बना हुआ है।

संवाददाता : गियासुद्दीन अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.