तोकिपुर बी.एड. कॉलेज के शुभम कुमार ने बढ़ाया दुमका का मान, राज्यपाल के हाथों मिला गोल्ड मेडल; बने SKMU टॉपर
दुमका : सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU), दुमका के 10वें दीक्षांत समारोह में तोकिपुर बी.एड. महाविद्यालय के छात्र शुभम कुमार ने शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने महाविद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सत्र 2024-26 के बी.एड. संकाय में पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शुभम कुमार को राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
गुरुवार को आयोजित विश्वविद्यालय के भव्य दीक्षांत समारोह में राज्यपाल के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त करना शुभम कुमार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। उनकी इस सफलता से तोकिपुर बी.एड. महाविद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है। शुभम ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर विश्वविद्यालय स्तर पर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के सचिव नरेन कुमार मोदी, प्राचार्या डॉ. कल्पना कुमारी तथा महाविद्यालय प्रबंधन के महेश मंडल ने शुभम कुमार को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शुभम की यह सफलता महाविद्यालय के बेहतर शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थी की निरंतर मेहनत का परिणाम है। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन के महेश मंडल, डॉ. पीके ठाकुर, तौसीफ अहमद, देवयानी सरकार, सुरेश बास्की, शमिता सिन्हा, समित पाल, मौसमी घोष और किरण बाला टुडू सहित सभी प्राध्यापकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

No Previous Comments found.