होली पर शराब दुकानें बंद कराने की मुहिम में आगे आए संजीत विश्वकर्मा, जनसुरक्षा के लिए उठाई निर्णायक आवाज
दुर्ग : होली जैसे पावन पर्व को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की दिशा में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने पहल करते हुए जिला प्रशासन से दुर्ग जिले की सभी शराब दुकानों को होली के दिन पूर्णतः बंद रखने की मांग की है। उन्होंने कलेक्टर, दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शराब की खुली बिक्री से दुर्घटनाओं, विवादों और महिलाओं के प्रति अभद्रता की घटनाओं में वृद्धि होती है।
संजीत विश्वकर्मा ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, लेकिन नशे की वजह से त्योहार का माहौल बिगड़ जाता है और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए समय रहते ठोस निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन पहले से ही त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त रहता है, ऐसे में शराब दुकानों के खुले रहने से अनावश्यक विवाद बढ़ते हैं और कानून-व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। साथ ही मातृशक्ति के सम्मान की रक्षा के लिए भी यह कदम आवश्यक है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव देविंदर सिंह भाटिया, दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल, लोकसभा महासचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी, जिला अध्यक्ष रवि साहू एवं पंकज तिवारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

No Previous Comments found.