संकल्प बजट 2026-27 विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की ठोस आधारशिला – अतुल पर्वत

दुर्ग :  भाजपा नेता एवं कैन डू पर्वत फाउंडेशन के अध्यक्ष अतुल पर्वत ने वित्त वर्ष 2026-27 के “संकल्प बजट” को विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाले दो दशकों के समग्र विकास की मजबूत रूपरेखा है, जो प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
अतुल पर्वत ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का अर्थ है — सशक्त किसान, आत्मनिर्भर महिलाएं, रोजगारयुक्त युवा, मजबूत अधोसंरचना और संतुलित आर्थिक व्यवस्था। इन सभी प्राथमिकताओं को संकल्प बजट में विशेष रूप से शामिल किया गया है, जो राज्य के समग्र विकास की स्पष्ट झलक प्रस्तुत करता है।
उन्होंने बजट में सामाजिक क्षेत्र को 40 प्रतिशत प्राथमिकता दिए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार ने मानव विकास को केंद्र में रखकर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के कौशल विकास के लिए निवेश बढ़ाया है। इससे प्रदेश को वर्ष 2047 तक ज्ञान और कौशल आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु ‘कृषक उन्नति योजना’, सिंचाई विस्तार तथा कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन जैसे प्रावधान विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव रखेंगे। वहीं पूंजीगत व्यय में वृद्धि के साथ सड़क, उद्योग, डिजिटल संपर्क व्यवस्था और औद्योगिक गलियारों पर विशेष ध्यान प्रदेश को निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाएगा।
महिलाओं के लिए संपत्ति पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट, ‘रानी दुर्गावती योजना’ तथा स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा जैसे कदम सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक भागीदारी को मजबूत करेंगे, जो विकसित राज्य की पहचान हैं।
अतुल पर्वत ने पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों — विशेषकर बस्तर और सरगुजा — में शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को समावेशी विकास का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश का अंतिम व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का लक्ष्य साकार होगा।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट दूरदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जनसंवेदनशीलता का संतुलित उदाहरण है।
अंत में अतुल पर्वत ने विश्वास व्यक्त किया कि “संकल्प बजट 2026-27” वास्तव में विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की आधारशिला सिद्ध होगा और प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करेगा।

रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.