महापौर अलका बाघमार की पहल रंग लाई: इंदिरा मार्केट में सौंदर्यीकरण से बदली पुराने बस स्टैंड की तस्वीर
दुर्ग - शहर के हृदय स्थल इंदिरा मार्केट स्थित पुराने बस स्टैंड के सामने सड़क किनारे का दृश्य अब पूरी तरह बदल चुका है। कुछ माह पहले तक अतिक्रमण और अव्यवस्था का केंद्र बना यह क्षेत्र आज हरियाली, आकर्षक गार्डन और एलईडी रोशनी से जगमगाते हुए शहर की नई पहचान बनता जा रहा है। पूर्व में ठेले-खोमचे और अस्थायी कब्जों के कारण यहां प्रतिदिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। महापौर अलका बाघमार एवं निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के सख्त निर्देश पर नगर निगम के बाजार विभाग और अतिक्रमण विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे से कब्जे हटवाए गए और भूमि को पूरी तरह खाली कराया गया। महापौर अलका बाघमार ने कहा कि “‘मोर शहर मोर जिम्मेदारी’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि शहर को संवारने का संकल्प है।” उन्होंने बताया कि निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत तथा सतत अभियान के चलते अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया। जहां पहले जाम की समस्या आम थी, आज वही स्थान सुंदर गार्डन, स्वच्छ वातावरण और आकर्षक लाइटिंग के साथ नागरिकों को सुकून दे रहा है।
‘मोर शहर मोर जिम्मेदारी’ के तहत बना आकर्षक गार्डन
खाली कराई गई भूमि को सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत विकसित किया गया। मेगा ग्रुप एजेंसी के संचालक मनीष परख ने ‘मोर शहर मोर जिम्मेदारी’ अभियान से प्रेरित होकर यहां एक सुंदर गार्डन तैयार कराया है। गार्डन में हरियाली के साथ आम नागरिकों के बैठने के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था भी की गई है,जिससे यह स्थल अब विश्राम स्थल के रूप में विकसित हो रहा है।
एलईडी लाइटिंग से निखरी नई पहचान
स्थल की खूबसूरती बढ़ाने के लिए आधुनिक एलईडी लाइटिंग लगाई गई है। शाम ढलते ही यह क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठता है और राहगीरों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करता है। रात के समय यह स्थान अब सुरक्षित,स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आता है, जो शहर की बदलती तस्वीर को दर्शाता है। जल्द पूरा होगा शेष सौंदर्यीकरण कार्य मनीष परख ने बताया कि लाइटिंग एवं कुछ सौंदर्यीकरण कार्य अभी शेष हैं,जिन्हें शीघ्र ही पूर्ण कर आम जनता को समर्पित किया जाएगा।
जहां कभी अव्यवस्था और जाम की स्थिति रहती थी,वहीं अब हरियाली,रोशनी और स्वच्छता का संदेश देता यह स्थल शहर में सकारात्मक परिवर्तन का जीवंत उदाहरण बन चुका है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि शहर की सुंदरता और व्यवस्था बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
रिपोर्टर - धर्मेंद्र गुप्ता


No Previous Comments found.