फर्जी शराब नीति केस में बरी होने पर दुर्ग में जश्न

दुर्ग - आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के दुर्ग लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत सुपेला घड़ी चौक में राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को कथित शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा बाइज्जत बरी किए जाने पर जोरदार जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाई वितरण कर इसे असत्य पर सत्य की विजय बताया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री संजीत  विश्वकर्मा ने कहा कि यह फैसला न केवल दो नेताओं की प्रतिष्ठा की पुनर्स्थापना है,बल्कि बाबा साहेब के संविधान और न्याय व्यवस्था की जीत भी है। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत झूठे मामलों में फंसाया गया, आज न्यायालय के निर्णय ने सच्चाई को सामने ला दिया है। दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्री बघेल ने कहा कि झूठे आरोप लगाकर किसी के चरित्र का हनन करना भारतीय संविधान के विरुद्ध है और न्यायालय के इस निर्णय ने लोकतंत्र की मजबूती को प्रमाणित किया है। वहीं प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह भाटिया ने कहा कि यह फैसला दर्शाता है कि देश की न्यायपालिका निष्पक्ष है और सत्य की हमेशा विजय होती है। संजीत विश्वकर्मा ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी ईमानदार राजनीति की प्रतीक है और यह निर्णय देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को और मजबूत करेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए एक-दूसरे को बधाई दी और न्यायपालिका के फैसले का स्वागत किया।

रिपोर्टर - धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.