रिसाली के मुद्दों के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी आम आदमी पार्टी, संजीत विश्वकर्मा ने शुरू की तैयारी दिल्ली मॉडल और पारदर्शी राजनीति को बनाया आधार, स्थानीय समस्याओं के समाधान का वादा
भिलाई : रिसाली नगर निगम चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री एवं रिसाली चुनाव प्रभारी संजीत विश्वकर्मा ने क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के साथ ही स्थानीय मुद्दों को लेकर चुनावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। संजीत विश्वकर्मा ने कहा कि रिसाली क्षेत्र में लंबे समय से सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं बनी हुई हैं। आम आदमी पार्टी इन मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए जनता के बीच जाएगी और ठोस कार्ययोजना के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं बल्कि शहर के समग्र विकास के लिए पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में विकास का मॉडल पेश किया है, उसी तरह का विकास मॉडल रिसाली नगर निगम क्षेत्र में भी लागू करने की कोशिश की जाएगी।
संजीत विश्वकर्मा ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हाल ही में लगे आरोपों से न्यायिक प्रक्रिया में दोषमुक्त होकर और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच खड़े हुए हैं। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ा है और पार्टी पारदर्शी राजनीति के अपने सिद्धांत पर और मजबूती से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि आगामी चुनाव को देखते हुए वार्ड स्तर पर बैठकों का दौर शुरू किया जा रहा है। जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी और उनके समाधान को पार्टी के चुनावी एजेंडे में शामिल किया जाएगा।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी की लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने भी कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य साफ और पारदर्शी राजनीति के माध्यम से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पार्टी का मानना है कि स्थानीय मुद्दों पर ईमानदार पहल और जनता से सीधा संवाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनेगा। इसी रणनीति के साथ आम आदमी पार्टी आने वाले रिसाली नगर निगम चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करने की तैयारी में जुट गई है।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

No Previous Comments found.