भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के दुर्ग जिला संयोजक बने दिनेश मिश्रा

दुर्ग : भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। इसी क्रम में युवा भाजपा नेता दिनेश मिश्रा को दुर्ग जिले का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने पार्टी के प्रति उनकी समर्पित भावना, सक्रियता और संगठनात्मक कार्यों में निरंतर योगदान को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। गौरतलब है कि भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाना है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पार्टी ने ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी है। इसी कड़ी में दीपक सिन्हा और भागवत बुंदेल को जिला सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति के बाद जिला संयोजक बने दिनेश मिश्रा ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह, दुर्ग सांसद विजय बघेल, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव तथा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक सहित सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

दिनेश मिश्रा लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को उठाने और उनके हितों के लिए काम करने में उनकी विशेष पहचान रही है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि दिनेश मिश्रा के नेतृत्व में झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ दुर्ग जिले में और अधिक सक्रिय होगा तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।


रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.