हिन्दू नववर्ष पर 21 मार्च को सेक्टर-7 में सजेगा दिव्य दरबार, 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए भंडारा
दुर्ग - भिलाई हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के शुभ अवसर पर भिलाई में “एक शाम श्रीराम-खाटूश्याम के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। लगातार पांचवें वर्ष आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम इस बार और भी विशाल रूप में सामने आने वाला है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। केन डू पर्वत फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकर्ता अतुल पर्वत के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम शहर का सबसे बड़ा भक्ति आयोजन बनता जा रहा है। 21 मार्च 2026, शनिवार को शाम 7 बजे सेक्टर-7 स्थित बीएसपी स्कूल ग्राउंड में प्रभु श्रीराम और बाबा खाटूश्याम का दिव्य दरबार सजाया जाएगा,जहां श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रमोद त्रिपाठी अपने भजनों से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और अंतरराष्ट्रीय कथावाचिका मीनाक्षी सहारावत एवं शरद शर्मा की विशेष उपस्थिति आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी। आयोजन स्थल पर मां शक्ति एवं ऑपरेशन सिंदूर की 5000 वर्गफीट की विशाल रंगोली आकर्षण का केंद्र होगी। भव्य मंच, आकर्षक सजावट और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ पूरे वातावरण को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक ऊर्जा से सराबोर करने की तैयारी की जा रही है।
विशेष रूप से 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में आने वाले भक्तगण प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। आयोजक अतुल पर्वत ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भक्ति महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। भिलाई में इस आयोजन को लेकर व्यापक उत्साह देखा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह आयोजन अब तक का सबसे भव्य और यादगार भक्ति समारोह साबित होगा।
रिपोर्टर - धर्मेंद्र गुप्ता


No Previous Comments found.