सरोज पाण्डेय के नेतृत्व में ‘बचपन का टिकट’ आयोजन, खेलों के जरिए हजारों महिलाओं ने फिर जिया बचपन
दुर्ग : पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में सखी-सहेली महिला समिति द्वारा आयोजित ‘बचपन का टिकट’ कार्यक्रम मस्ती, उत्साह और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम बनकर सामने आया। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने भाग लेकर अपने बचपन के दिनों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मशाल प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने मैदान में मशाल लेकर भ्रमण किया और उत्साह का वातावरण निर्मित किया। इसके बाद विभिन्न पारंपरिक और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, फुगड़ी, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़, जलेबी दौड़, बोरा दौड़, बिल्लस और गोटा जैसे खेल शामिल रहे। सभी खेलों के संचालन के लिए रेफरी और निर्णायकों की व्यवस्था की गई थी, जिससे प्रतियोगिताएं सुव्यवस्थित और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सकीं।
पूरे आयोजन के दौरान पारिवारिक और खुशनुमा माहौल देखने को मिला। महिलाओं ने विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ी के रूप में भाग लेकर खेल भावना का परिचय दिया। सामूहिक खेलों में टीम बनाकर हिस्सा लिया गया, जिससे आपसी सहयोग और सामंजस्य की भावना भी मजबूत हुई। प्रतिभागियों के लिए चाट, गुपचुप, भेल, चना जोर गरम, बुढ़्ढी के बाल, बर्फ गोला और कुल्फी जैसे पारंपरिक व्यंजनों की निशुल्क व्यवस्था की गई, जिसने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार के बीच आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता रही। इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में दोनों टीमों ने उत्साहपूर्वक खेल का आनंद लिया और अंततः दोनों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
इस अवसर पर सरोज पाण्डेय ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं अपनी जिम्मेदारियों के बीच स्वयं के लिए समय नहीं निकाल पातीं। ऐसे में यह आयोजन उन्हें मानसिक सुकून, खुशी और आत्मविश्वास प्रदान करने का माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि “बचपन का टिकट” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के भीतर छिपी ऊर्जा और सकारात्मकता को पुनर्जीवित करने का प्रयास है।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम की सफलता इस बात से स्पष्ट है कि महिलाएं हर खेल गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहती थीं। इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, मानसिक तनाव से दूर रहने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी मजबूत किया। विभिन्न वर्गों और आयु वर्ग की महिलाओं ने एक मंच पर आकर पारंपरिक खेलों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। आयोजन के दौरान महिलाओं के चेहरों पर झलकती मासूम मुस्कान और उत्साह ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, मंत्री संध्या परघनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जीवन की व्यस्तता के बीच भी खुशी के छोटे-छोटे पल ही जीवन को सुंदर और संतुलित बनाते हैं।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता


No Previous Comments found.