31 मार्च आखिरी मौका: बकाया कर जमा करें, 1 अप्रैल से होगी सख्त कार्रवाई

दुर्ग- नगर पालिक निगम दुर्ग ने बकाया करदाताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 31 मार्च तक का अंतिम अल्टीमेटम जारी किया है। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देशों के बाद राजस्व विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है और लंबे समय से कर नहीं चुकाने वाले बकायादारों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन 31 मार्च को करदाताओं को अंतिम अवसर दिया गया है, जिसके लिए टैक्स काउंटर भी खुले रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोग अपना बकाया जमा कर सकें।
निगम की ओर से छोटे से लेकर बड़े सभी बकायादारों से अपील की गई है कि वे 31 मार्च शाम तक अपनी लंबित राशि जमा कर दें। इसके बाद 1 अप्रैल से निगम द्वारा सख्त कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
निगम प्रशासन के अनुसार कार्रवाई के तहत बकायादारों के नल कनेक्शन काटने, संपत्तियों को सील करने सहित अन्य दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए निगम अमला पूरी तरह तैयार है और अब किसी को भी राहत नहीं दी जाएगी।
सुविधा को ध्यान में रखते हुए करदाता घर बैठे ऑनलाइन भी अपना टैक्स जमा कर सकते हैं। इसके लिए निगम की वेबसाइट पर जाकर भुगतान किया जा सकता है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 31 मार्च के बाद की जाने वाली कार्रवाई के लिए संबंधित करदाता स्वयं जिम्मेदार होंगे। इसलिए समय रहते कर जमा कर अनावश्यक परेशानी से बचने की अपील की गई है।

रिपोर्टर धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.