अग्निशमन दिवस पर दुर्ग में जागरूकता रैली, शहीद कर्मियों को दी श्रद्धांजलि
दुर्ग : अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग द्वारा आज अग्निशमन दिवस के अवसर पर शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने किया।
अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से रवाना हुई इस रैली में सभी अग्निशमन वाहन शामिल रहे। रैली ने शहर के प्रमुख स्थानों—जेल तिराहा, इंदिरा मार्केट, नेहरू नगर मार्केट एवं सेक्टर एरिया—का भ्रमण करते हुए आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान घरेलू आग से बचाव के लिए घरों में अग्निशामक यंत्र रखने एवं उनके सही उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही दुकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने का संदेश भी दिया गया।
रैली का समापन पुनः अग्निशमन कार्यालय में हुआ। इस अवसर पर 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक जिलेभर में फायर डेमो कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। इन डेमो के तहत स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, अपार्टमेंट, बाजार, घनी आबादी वाले क्षेत्र एवं फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा, सहायक स्टेशन प्रभारी संतोष पाण्डेय, नगर सेना प्रभारी श्यामलाल देशमुख एवं कन्हैया साहू, एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव व ईश्वर खरे सहित समस्त अग्निशमन कर्मचारी एवं एसडीआरएफ टीम उपस्थित रही।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता


No Previous Comments found.