भिलाई में पावरलिफ्टिंग खिलाड़ियों का भव्य सम्मान
भिलाई : सेक्टर-6 स्थित पॉवर जिम, भिलाई में लीनेस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी की अध्यक्षा श्रीमती आकांक्षा तिवारी मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग टीम के चयनित खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम खेल प्रोत्साहन, समाजसेवा और युवा प्रेरणा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
इस अवसर पर 15 से 20 मई 2026 तक अमलापुरम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे 19 खिलाड़ियों को ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही भारतीय टीम में चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी जयदीप साहू एवं अमन शुक्ला तथा भारतीय टीम के कोच के रूप में चयनित कृष्णा साहू का भी विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के केंद्र में रहे छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश जैन ‘बरमेचा’, जिनकी उपस्थिति और मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों में नया उत्साह भर दिया। उनके नेतृत्व में प्रदेश की पावरलिफ्टिंग लगातार नई ऊँचाइयों को छू रही है और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।
अपने संबोधन में कैलाश जैन ‘बरमेचा’ ने कहा कि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। यह न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी आज देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं और आने वाले समय में प्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय पावरलिफ्टिंग टीम आगामी 3 से 13 जुलाई 2026 तक दक्षिण अफ्रीका में आयोजित एशिया-अफ्रीका पैसिफिक अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेने जा रही है। इसके लिए खिलाड़ी पॉवर जिम, भिलाई में लगातार कठिन अभ्यास कर रहे हैं और कोच कृष्णा साहू के कुशल मार्गदर्शन में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
कार्यक्रम में लीनेस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी की अध्यक्षा आकांक्षा तिवारी मिश्रा, पूर्व अध्यक्षा अनीता तिवारी, विभा गुप्ता, पुष्पा मित्रा, साक्षी ठाकुर सहित छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान आकांक्षा तिवारी मिश्रा के सामाजिक कार्यों की भी सराहना की गई। उन्होंने कम उम्र में ही समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके द्वारा गंजपारा क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष ग्रीष्म ऋतु में प्याऊ घर संचालित कर राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराना एक प्रेरणादायी पहल है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही लीनेस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी की ओर से खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देने का आश्वासन भी दिया गया।
समारोह का वातावरण उत्साह, गौरव, खेल भावना और समाजसेवा की प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा, जिसमें कैलाश जैन ‘बरमेचा’ के नेतृत्व और खिलाड़ियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

No Previous Comments found.