जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
दुर्ग - 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुर्ग में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा खालसा पब्लिक स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने की। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने में देश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि भारत के प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन मिला, जिसके बाद वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपने परिवार के साथ नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की संस्कृति और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं,बल्कि मानसिक,बौद्धिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि योग हमारी संस्कृति की अमूल्य धरोहर है,जिसे हमें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योग से न केवल रोगों से मुक्ति मिलती है, बल्कि जीवन में अनुशासन और सकारात्मकता भी आती है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग अत्यंत आवश्यक हो गया है। योग हमें तनाव से मुक्ति दिलाकर मानसिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से योग अपनाने की अपील की। महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर में योग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल कर स्वस्थ शहर के निर्माण में सहयोग करें। जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे ने कहा कि महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि “बहनों को योग से जुड़कर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक मजबूती भी प्रदान करता है। जब परिवार की महिलाएं स्वस्थ रहेंगी, तभी पूरा समाज स्वस्थ और सशक्त बनेगा।” उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग दिवस को उत्साह और उमंग के साथ मनाया। पूरे आयोजन में स्वास्थ्य,अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया।
रिपोर्टर - धर्मेंद्र गुप्ता
No Previous Comments found.